Hindi Quran

सूरह अल-कियामा [75]

5/5

1 ﴿ मैं शपथ लेता हूँ क़्यामत (प्रलय) के दिन[1] की!
1. किसी चीज़ की शपथ लेने का अर्थ होता है उस का निश्चित् होना। अर्थात प्रलय का होना निश्चित् है।

2 ﴿ तथा शपथ लेता हूँ निन्दा[1] करने वाली अन्तरात्मा की।
1. मनुष्य के अन्तरात्मा की यह विशेषता है कि वह बुराई करने पर उस की निन्दा करती है।

3 ﴿ क्या मनुष्य समझता है कि हम एकत्र नहीं कर सकेंगे दोबारा उसकी अस्थियों को?

4 ﴿ क्यों नहीं? हम सामर्थ्वान हैं इस बात पर कि सीधी कर दें, उसकी उंगलियों की पोर-पोर।

5 ﴿ बल्कि मनुष्य चाहता है कि वह कुकर्म करता रहे अपने आगे[1] भी।
1. अर्थात वह प्रलय तथा ह़िसाब का इन्कार इस लिये करता है ताकि वह पूरी आयु कुकर्म करता रहे।

6 ﴿ वह प्रश्न करता है कि कब आना है प्रलय का दिन?

7 ﴿ तो जब चुंधिया जायेगी आँख।

8 ﴿ और गहना जायेगा चाँद।

9 ﴿ और एकत्र कर दिये[1] जायेंगे सूर्य और चाँद।
1. अर्थात दोनों पश्चिम से अन्धेरे हो कर निकलेंगे।

10 ﴿ कहेगा मनुष्य उस दिन कि कहाँ है भागने का स्थान?

11 ﴿ कदापि नहीं, कोई शरणागार नहीं।

12 ﴿ तेरे पालनहार की ओर ही उस दिन जाकर रुकना है।

13 ﴿ सूचित कर दिया जायेगा मनुष्य को उस दिन उससे, जो उसने आगे भेजा तथा जो पीछे[1] छोड़ा।
1. अर्थात संसार में जो कर्म किया। और जो करना चाहिये था फिर भी नहीं किया।

14 ﴿ बल्कि मनुष्य स्वयं अपने विरुध्द एक खुला[1] प्रमाण है।
1. अर्थात वह अपने अपराधों को स्वयं भी जानता है क्योंकि पापी का मन स्वयं अपने पाप की गवाही देता है।

15 ﴿ चाहे वह कितने ही बहाने बनाये।

16 ﴿ हे नबी! आप न हिलायें[1] अपनी ज़ुबान, ताकि शीघ्र याद कर लें इस क़ुर्आन को।
1. ह़दीस में है कि आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) फ़रिश्ते जिब्रील से वह़्यी पूरी होने से पहले इस भय से उसे दुहराने लगते कि कुछ भूल न जायें। उसी पर यह आयत उतरी। (सह़ीह़ बुख़ारीः 4928, 4929) इसी विषय को सूरह ताहा तथा सूरह आला में भी दुहराया गया है।

17 ﴿ निश्चय हमपर है उसे याद कराना और उसे पढ़ाना।

18 ﴿ अतः, जब हम उसे पढ़ लें, तो आप उसके पीछे पढ़ें।

19 ﴿ फिर हमारे ही ऊपर है, उसका अर्थ बताना।

20 ﴿ कदापि नहीं[1], बल्कि तुम प्रेम करते हो शीघ्र प्राप्त होने वाली चीज़ (संसार) से।
1. यहाँ से बात फिर काफ़िरों की ओर फिर रही है।

21 ﴿ और छोड़ देते हो परलोक को।

22 ﴿ बहुत-से मुख उस दिन प्रफुल्ल होंगे।

23 ﴿ अपने पालनहार की ओर देख रहे होंगे।

24 ﴿ और बहुत-से मुख उदास होंगे।

25 ﴿ वह समझ रहे होंगे कि उनके साथ कड़ा व्यवहार किया जायेगा।

26 ﴿ कदापि नहीं[1], जब पहुँचेगी प्राण हंसलियों (गलों) तक।
1. अर्थात यह विचार सह़ीह़ नहीं कि मौत के पश्चात् सड़-गल जायेंगे और दोबारा जीवित नहीं किये जायेंगे। क्योंकि आत्मा रह जाती है जो मौत के साथ ही अपने पालनहार की ओर चली जाती है।

27 ﴿ और कहा जायेगाः कौन झाड़-फूँक करने वाला है?

28 ﴿ और विश्वास हो जायेगा कि ये (संसार से) जुदाई का समय है।

29 ﴿ और मिल जायेगी पिंडली, पिंडली[1] से।
1. अर्थात मौत का समय आ जायेगा जो निरन्तर दुःख का समय होगा। (इब्ने कसीर)

30 ﴿ तेरे पालनहार की ओर उसी दिन जाना है।

31 ﴿ तो न उसने सत्य को माना और न नमाज़ पढ़ी।

32 ﴿ किन्तु झुठलाया और मुँह फेर लिया।

33 ﴿ फिर, गया अपने परिजनों की ओर अकड़ता हआ।

34 ﴿ शोक है तेरे लिए, फिर शोक है।

35 ﴿ फिर शोक है तेरे लिए, फिर शोक है।

36 ﴿ क्या मनुष्य समझता है कि वह छोड़ दिया जायेगा व्यर्थ?[1]
1. अर्थात न उसे किसी बात का आदेश दिया जायेगा और न रोका जायेगा और न उस से कर्मों का ह़िसाब लिया जायेगा।

37 ﴿ क्या वह नहीं था वीर्य की बूंद, जो (गर्भाशय में) बूँद-बूँद गिराई जाती है।?

38 ﴿ फिर वह बंधा रक्त हुआ, फिर अल्लाह ने उसे पैदा किया और उसे बराबर बनाया।

39 ﴿ फिर उसका जोड़ाः नर और नारी बनाया।

40 ﴿ तो क्या वह सामर्थ्यवान नहीं कि मुर्दों को जीवित कर दे?

[popup_anything id=”1108″]